अल्मोड़ा। उत्तराखंड पेयजल निगम कर्मचारी संघ का द्विवार्षिक मंडल अधिवेशन आयोजित किया गया। इसमें वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड पेयजल निगम और जल संस्थान का एकीकरण कर राजकीय विभाग बनाया जाए। राजकीयकरण होने तक वेतन और पेंशन का भुगतान ट्रेजरी से किया जाए। उन्होंने विभाग में लिपिक संवर्ग में खाली पदों के सापेक्ष पदोन्नति की मांग की।
उन्होंने सातवें वेतनमान के एरियर का भुगतान न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कनिष्ठ सहायक, मानचित्रक के पदों पर नियुक्तियां करने, नई पेंशन योजना को समाप्त कर विभाग में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, विभाग में उपनल के माध्यम से तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर को कनिष्ठ सहायक के खाली पदों के सापेक्ष विभाग में समायोजित करने, विभाग में लेखा संवर्ग का गठन करने, विभाग में शिथिलीकरण का लाभ देकर पदोन्नतियां करने, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की कनिष्ठ सहायक के पदों पर पदोन्नति करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि विभाग में लिपिक संवर्ग के कर्मचारियों के स्थायीकरण की सूचियां शीघ्र जारी की जाएं। विभाग में वेतन, पेंशन का नियमित भुगतान माह के प्रथम सप्ताह में होना चाहिए। उन्होंने फील्ड कर्मचारियों की कनिष्ठ सहायक के पदों पर पदोन्नति न होने पर नाराजगी जताई। कहा कि मकान किराया भत्ता सातवें वेतनमान के अनुरूप उत्तराखंड पेयजल निगम में लागू किया जाए। पेयजल निगम के कार्मिकों को गोल्डन कार्ड की सुविधा दी जाए। मुख्य अतिथि अधीक्षण अभियंता यूके गुप्ता और विशिष्ट अतिथि यांत्रिक शाखा के अधिशासी अभियंता बीसी जोशी, निर्माण शाखा के अधिशासी अभियंता केडी भट्ट थे। इस मौके पर प्रांतीय अध्यक्ष विजय प्रसाद, प्रांतीय महामंत्री गौरव बर्थवाल, प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष पीएस मेहरा, प्रांतीय सलाहकार धर्मेंद्र चौधरी, प्रांतीय संगठन मंत्री (महिला) दीपा जोशी, अधिवेशन के आयोजक जिलाध्यक्ष अल्मोड़ा नरेंद्र बिष्ट, सचिव राहुल बिष्ट आदि थे।
शीतल मंडल अध्यक्ष, अर्जुन महामंत्री बने
अल्मोड़ा। अधिवेशन में संगठन की मंडल कार्यकारिणी का गठन किया। शीतल साह मंडल अध्यक्ष, अर्जुन सिंह बिष्ट मंडल महामंत्री, दिनेश दुग्ताल संगठन मंत्री, बृजमोहन जोशी प्रचार मंत्री चुने गए। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के साथ ही मांगें पूरी कराने के लिए संघर्ष किया जाएगा।
डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ का महाधिवेशन कल से दून में
अल्मोड़ा। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ का महाधिवेशन 10 और 11 अप्रैल को निरंजन फार्म दून विश्वविद्यालय रोड देहरादून में होगा। संघ के शाखाध्यक्ष एसएस डंगवाल ने बताया कि अधिवेशन में अल्मोड़ा शाखा के सभी अभियंता प्रतिभाग करेंगे।