अल्मोड़ा। दिल्ली से पहुंची नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) की दो सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। टीम ने मेडिकल कॉलेज के पांडेखोला परिसर और खत्याड़ी स्थित बेस परिसर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों को सभी कमियों को दूर करने के निर्देश भी टीम ने दिए। सुबह दस से देर शाम तक टीम ने मेडिकल कालेज में व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया।
दिल्ली से बृहस्पतिवार शाम को एनएमसी की टीम के डॉ. शैलेश कुमार और डॉ. नवीन चौधरी अल्मोड़ा पहुंचे। शुक्रवार सुबह टीम के सदस्य मेडिकल कालेज के पांडेखोला परिसर पहुंचे और प्रशासनिक भवन का निरीक्षण किया। यहां फैकल्टी की जरूरत और तैनाती, डाक्टरों के पदों पर नियुक्त समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद टीम ने बेस अस्पताल परिसर में आईसीयू में तैनात कार्मिकों से अस्पताल में हो रहे ऑपरेशनों के बारे में पूछा। इमरजेंसी वार्ड को भी देखा।
प्रसव के 24 घंटे बाद भी इमरजेंसी वार्ड में रखने पर जताई नाराजगी
अल्मोड़ा। एनएमसी की टीम ने बेस अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया कि प्रसव के चौबीस घंटे बीतने के बाद भी मरीजों को इमरजेंसी वार्ड में रखा गया है। टीम के सदस्यों ने कहा कि इमरजेंसी के 24 घंटे बाद मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया जाना चाहिए। एक महिला पिछले सात दिन से इमरजेंसी वार्ड में भर्ती थी। टीम ने मरीजों के बेड पर बेड हैड टिकट (बीएचटी- मरीज की बीमारी की हिस्ट्री फाइल) नहीं होने पर नाराजगी जताई। अधिकारियों ने बताया कि बेड पर रखने से फाइल फटने की संभावना रहती है। इसलिए वार्ड के बगल के कक्ष में मरीजों की बीमारी से संबंधित फाइल (बीएचटी) रखी गई है। टीम ने वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज की बीमारी से संबंधित फाइल भी मौके पर मंगाई।
मान्यता के अभाव में संचालित नहीं हो सका कॉलेज
अल्मोड़ा। सरकार की मेडिकल कॉलेज को वर्ष 2019 में ही संचालित करने की योजना थी लेकिन यह आज तक पूरी नहीं हो सकी है। कोरना संक्रमम काल से पूर्व भी एनएमसी की टीम दो बार मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर चुकी थी। इसके बाद टीम ने चार मई 2019 को तीसरी बार मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। एनएमसी की टीम 10 सितंबर 2020 को भी मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण को पहुंची थी, लेकिन स्थानीय अवकाश होने के बाद निरीक्षण नहीं हो पाया था। इसके बाद एनएमसी की टीम पांचवी बार शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण को पहुंची है।
एमसीआई की दो सदस्यीय टीम मेडिकल कॉलेज के दो दिनी निरीक्षण के लिए पहुंची है। आशा है कि इस निरीक्षण से मेडिकल कॉलेज को जल्द मान्यता मिल जाएगी और शीघ्र कक्षाएं संचालित होंगी।
- सीपी भैसोड़ा, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कालेज अल्मोड़ा।