अल्मोड़ा। बारिश से नुकसान अब भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। सल्ट में एक भवन भरभराकर गिर गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिवार के तीन लोगों को सकुशल निकाला और अस्पताल भर्ती कराया।
बुधवार को सल्ट के ग्राम रुडोली निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को फोन किया। बताया कि यहां प्रेम राम पुत्र स्व. बची राम का मकान गिर गया। इसमें तीन लोग घायल होने की सूचना है। पुलिस ने मौके पर पहुंच प्रेम राम (52), उनकी पत्नी कमला देवी (40) और 13 वर्षीय पुत्र बॉबी कुमार को भवन से सकुशल निकाला। उन्हें 108 की मदद से सीएचसी देवायल लाया गया। तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस टीम में एसआई तरन्नुम सईद, अनवर अहमद, मनोज शर्मा और संदीप कुमार आदि रहे।
मानिला क्षेत्र में भी काफी क्षति, मार्ग अवरुद्ध
मानिला। बारिश से क्षेत्र में गांवों को जोड़ने वाले अधिकांश मार्ग, संपर्क मार्ग और पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। सदर बाजार-चौना रोड, संसारी-झड़ाकोट, सकनणा-बेसरबगड़, श्रीनगर-पेसियां-पिपना रोड पर मलबा आने और पेड़ गिरने से आवाजाही बंद है।
टिटौली ग्राम पंचायत में मानिला-बर्किंडा पंपिंग योजना में मलबा आने से पाइप लाइन टूट गई है। इस कारण गांव में पेयजल की आपूर्ति ठप पड़ी है। बारिश से वन पंचायत टिटौली, नैल, झड़ाकोट, चौना, सकनणा के जंगल में काफी संख्या में चीड़ और बांज के पेड़ उखड़ गए हैं। पेड़ गिरने से रास्ते भी बंद हो गए हैं। ग्रामीण स्वयं गिरे पेड़ों को हटाकर संपर्क मार्ग खोल रहे हैं।
सल्ट के ग्राम रुडौली में गिरे भवन में रेस्क्यू को पहुंची पुलिस।- फोटो : ALMORA