द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की दशा देखनी हो तो द्वाराहाट के कफड़ा में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को देखा जाना चाहिए। पीएचसी में पिछले एक साल से चिकित्सक की तैनाती नहीं हो पाई है। अस्पताल महज के फार्मासिस्ट के भराेसे चल रहा है।
कफड़ा क्षेत्र की करीब पांच से 7000 की आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सालों पहले यहां पीएचसी की स्थापना की गई थी। स्वास्थ्य महकमे ने इस अस्पताल में पांच पद भी सृजित किए। जिनमें एक चिकित्सक, फार्मासिस्ट, वार्ड बॉय, सफाई कर्मी और चौकीदार के पद शामिल हैं। वर्तमान में इस अस्पताल में एक फार्मासिस्ट और एक वार्ड बॉय के अलावा कोई कर्मचारी तैनात नहीं है। यहां तैनात चिकित्सक करीब एक साल पहले नौकरी छोड़कर यहां से अन्यत्र चली गईं। जिसके बाद से यहां किसी चिकित्सक की तैनाती नहीं हुई। मजबूरी में क्षेत्र के रोगियों को उपचार के लिए द्वाराहाट अथवा रानीखेत की दौड़ लगानी पड़ रही है।
कोट-चिकित्सकों की कमी के बारे में उच्च अधिकारियों को लिखा गया है। चिकित्सकों की नियुक्ति निदेशालय स्तर से ही संभव है। चिकित्सकों की जिले में नियुक्त होने पर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जरूरत वाले अस्पतालों में तैनाती दी जाएगी। -डाॅ. आरसी पंत, सीएमओ, अल्मोड़ा