गरुड़ (बागेश्वर)। तहसील क्षेत्र में तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कौसानी-बैजनाथ और गरुड़-देवनाई मोटर मार्ग पर मलबा आने से दो घंटे यातायात बाधित रहा। अनवरत बारिश से गोमती और गरुड़ गंगा का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। बारिश से ग्रामीण इलाके के नाले तीन दिन से उफान पर हैं।
प्रांतीय खंड लोनिवि ने जेसीबी से गरुड़-देवनाई और कौसानी-बैजनाथ मोटर मार्ग का मलबा हटा दिया है। सिंचाई विभाग के एई एससी सती ने बताया कि गोमती नदी का जलस्तर 456.93 क्यूसेक रहा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से विभाग ने बैजनाथ बैराज के सभी गेट खोले गए हैं। उन्होंने ग्रामीणों से नदी के आसपास न जाने की हिदायत दी है। बारिश से नरग्वाड़ी चनोली, अकुणाई अणां, गरुड़ लखनी मोटर मार्ग पर कई जगह पर मलबा आ गया है।
गोमती घाटी में बारिश से रौल्याना, छत्यानी, मजकोट, मैगड़ीस्टेट, पिंगलों आदि गांवों में संपर्क मार्ग ध्वस्त हो गए। कोलतुलारी और गरुड़ गंगा पेयजल योजना भी ध्वस्त हो गई है। लाहुर घाटी महापंचायत के अध्यक्ष ईश्वर परिहार बताया कि लाहुर नदी उफान पर है। भाजपा के जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट ने देवनाई घाटी में बारिश से हुई क्षति का जायजा लिया। उन्होंने मौके से लोनिवि के ईई को फोन कर देवनाई मोटर मार्ग पर यातायात बहाल कराया।