अल्मोड़ा। अल्मोड़ा से चमोली जिले तक गिरोह बनाकर चोरी और लूटपाट की घटना को अंजाम दे चुके छह आरोपियों पर गैंगस्टर लगा है। डीएम, एसएसपी से संस्तुति मिलने पर चौखुटिया पुलिस ने सभी आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की है। सभी के खिलाफ अल्मोड़ा के साथ ही चमोली जिले में कई केस दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार गैंगलीडर चौखुटिया के चुलेरासीम निवासी कैलाश सिंह नेगी (21) के नेतृत्व में सदस्य नरेंद्र सिंह(45), धुधुलिया महर निवासी भुवन जोशी उर्फ राजू जोशी(20), राजेंद्र गिरी(23), खत्याड़ी, जौरारी निवासी जगत सिंह(32), द्वाराहाट के विजयपुर निवासी दीपक आर्या (35) अल्मोड़ा जिले के साथ ही चमोली में चोरी और लूटपाट की कई घटनाओं में शामिल रह चुके हैं।
इन सभी छह के खिलाफ दोनों जिलों में कई केस दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक इनका खौफ इतना है कि कोई भी इनके खिलाफ गवाही देने के लिए आगे नहीं आ रहा है। लोकसभा चुनाव के दौरान ये आरोपी अराजकता फैला सकते हैं। चौखुटिया पुलिस ने इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए डीएम, एसएसपी से अनुमति मांगी थी। एसएसपी देवेंद्र पींचा ने कहा कि सभी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।