एसएसजे विवि. में परीक्षा कक्षों को सैनिटाइज करते कर्मचारी।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। एसएसजे विश्वविद्यालय में 14 सितंबर से प्रस्तावित अंतिम सेमेस्टर परीक्षाओं की तैयारियां तेज होने लगी हैं। परिसर में कॉलेज प्रशासन की ओर से परीक्षाओं के बीच बाहरी लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। जिसके लिए परिसर में बैरिकेडिंग लगा दी गई है। शनिवार को परीक्षा कक्षों को सैनिटाइज करवाया गया। कोरोना से बचाव के लिए अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं भी की जा रहीं हैं।
कॉलेज में अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए काफी संख्या में परीक्षार्थी पहुंचेंगे। परीक्षा के दौरान सुरक्षा के लिहाज से विवि परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाएगा। शनिवार को कॉलेज बैरिकेडिंग की गई। निदेशक प्रो. जगत सिंह बिष्ट ने बताया कि कॉलेज में प्रवेश के लिए सिर्फ दो मुख्य द्वार बनाए जाएंगे। कॉलेज आने वाले सभी लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके तहत शनिवार को भी कॉलेज में परीक्षा संबंधित जानकारी लेने पहुंचे छात्रों की स्क्रीनिंग की गई। इसके साथ ही कॉलेज में सेंसर युक्त सैनिटाइज मशीन लगाई गई है। परीक्षा में तैनात प्रोफेसर समेत विभिन्न कर्मचारियों को फेस सील्ड उपलब्ध कराए गए हैं।