अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया संपन्न हो गई है। प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए 4453 विद्यार्थियों ने पंजीकरण किया था लेकिन 2455 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश से हाथ पीछे खींच लिए हैं। अब तक 1998 विद्यार्थियों ने ही प्रवेश लिया है।
एसएसजे विश्वविद्यालय के अधीन परिसर और महाविद्यालयों में इस शिक्षा सत्र में पीजी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं की रुचि घटी है। विश्वविद्यालय में नए सत्र में एमएससी में 588, एमए में सबसे अधिक 1317 प्रवेश हुए। वहीं, एमकॉम में केवल 93 प्रवेश हुए हैं।
10 दिन में केवल 462 विद्यार्थियों ने ही लिया प्रवेश
अल्मोड़ा। एसएसजे विश्वविद्यालय में 22 जुलाई तक पीजी कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया पूरी होनी थी। अंतिम तिथि तक 1536 छात्र-छात्राओं ने ही प्रवेश लिया। प्रवेश लेने से वंचित विद्यार्थियों को राहत पहुंचाते हुए 31 जुलाई तक काउंसलिंग की तिथि बढ़ाई गई लेकिन 10 दिनों में केवल 462 विद्यार्थियों ने ही प्रवेश लिया।
कोट-शासन से जारी निर्देश के बाद प्रवेश काउंसलिंग और शुल्क जमा करने के लिए दो बार समर्थ पोर्टल खोला गया। 31 जुलाई तक पीजी में पंजीकृत 4453 विद्यार्थियों के सापेक्ष 1998 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। काफी कम विद्यार्थियों ने ही प्रवेश के लिए रुचि दिखाई।- डॉ. मनोज सिंह बिष्ट, नोडल अधिकारी समर्थ पोर्टल, एसएसजे विवि।