अल्मोड़ा पांडेखोला में सड़क किनारे खाई में गिरा डंपर।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। पांडेखोला से कोसी जा रहा एक डंपर मंगलवार सुबह एकांत रेस्टोरेंट के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गया। हादसे में डंपर चालक घायल हो गया, उसे इलाज के लिए बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मंगलवार सुबह एक रेत से भरा डंपर अल्मोड़ा से कोसी की तरफ जा रहा था। पांडेखोला पहुंचने पर डंपर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना क्षेत्रीय सभासद अमित साह और यातायात प्रभारी गणेश सिंह हरड़िया को दी। सभासद और यातायात पुलिस ने घायल डंपर चालक कमल सिंह निवासी लोधिया को बेस अस्पताल में भर्ती कराया और डंपर को खाई से निकालने के लिए मौके पर क्रेन बुलवाई। सभासद अमित साह ने बताया कि जिस जगह पर हादसा हुआ है उस स्थान पर रोड काफी संकरी है। और रोड किनारे की सुरक्षा दीवार भी टूटी है। इस संबंध में विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है लेकिन विभाग ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। अमित साह ने बताया कि इसी रोड में कुछ और स्थानों पर भी दीवारें टूटी हैं, कुछ स्थानों पर लगाई गई लोहे के बैरिकेडिंग भी टूटी है, इससे हादसा होने का खतरा बना हुआ है।