वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बने डॉ. राहुल बिष्ट और उनके माता पिता। संवाद
- फोटो : ALMORA
धौलछीना (अल्मोड़ा)। भैसियाछाना ब्लॉक के गैनार सेराघाट गांव के आजीविका संस्था में चालक कृष्ण सिंह बिष्ट के बेटे डॉ. राहुल सिंह बिष्ट भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बन गए हैं।
डॉ राहुल ने बताया कि उनकी माता हेमा गृहिणी हैं। बहन रजनी रसायन विज्ञान से एमएससी कर रही है और छोटा भाई रवींद्र इंटर के बाद जेईई मेंस की तैयारी कर रहा है। उन्होंने बताया कि दादा सेना से सेवानिवृत्त हुए थे उन्हीं से प्रेरणा लेकर आज वे अधिकारी बने है। राहुल की प्राथमिक शिक्षा हल्द्वानी से और कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई सैनिक स्कूल घोड़ाखाल से हुई है। दो बार एनडीए की लिखित परीक्षा पास करने के बाद राहुल मेडिकल में अनफिट होने से निराश नहीं हुए और वर्ष 2018 में उन्होंने ऑल इंडिया नीट परीक्षा अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण। उनका आर्म्ड फोर्सज मेडिकल कॉलेज (एएफएमसी) पुणे के लिए चयन हुआ। राहुल ने एएफएमसी पुणे से एमबीबीएस में गोल्ड मेडल प्राप्त किया। पासिंग आउट परेड में राहुल के माता पिता ने उन्हें स्टार लगाए। राहुल वर्तमान में एयरफोर्स कॉलेज बेंगलुरु के कमांड अस्पताल में तैनात हैं।