उप डाकघर पोखरखाली में लाखों की अनियमितता के मामले में आरोपी महिला कर्मी की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। इधर अब डाकघर की तीन महिला अभिकर्ताओं ने उप डाकघर पर उनके द्वारा जमा की गई धनराशि ग्राहकों के खातों जमा नहीं करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने डाक अधीक्षक और उच्चाधिकारियों को ज्ञापन भेजा है।
महिला अभिकर्ताओं ने डाक अधीक्षक को दिए ज्ञापन में कहा कि उन्होंने ग्राहकों की आवर्ती और अन्य मदों की धनराशि उप डाकघर पोखरखाली में जमा कराई। हर लौट में जमा धनराशि के मुहर सहित साक्ष्य उनके पास हैं। जब उन्होंने उप डाकघर के अभिलेख देखे तो पाया कि उनके द्वारा जमा कराई गई धनराशि की इंट्री खाते खोलने से लेकर जनवरी 2015 तक डाकघर के अभिलेखों में दर्ज नहीं की गई है। जबकि यह धनराशि वह प्रतिमाह डाकघर में जमा कराते आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि खातों से संबंधित मूल अभिलेख और पासबुक डाकघर से गायब हैं।
ग्राहक अब जमा की गई धनराशि तत्काल वापस दिलाने की मांग उनसे (अभिकर्ताओं) से कर रहे हैं और पैसा वापस नहीं दिलवाने पर जानमाल के नुकसान की धमकियां दी जा रही हैं। इससे वह और उनके परिजन मानसिक तनाव में हैं। कई उपभोक्ता उनसे अभद्र व्यवहार भी कर चुके हैं। शिकायत करने वालों में अभिकर्ता पुष्पा पंत, भगवती जोशी, तुलसी फर्त्याल शामिल हैं। इधर डाक अधीक्षक डीएस राणा ने बताया कि उपडाकघर पोखरखाली के खातों में अनियमितता की जांच जारी है। इस मामले की भी जांच कराई जाएगी।