गढ़खेत-बज्यूृला मार्ग पर चलती मैक्स जीप में अचानक आग लग गई। आनन फानन में यात्रियों ने बाहर आकर जान बचा ली। आग इतनी तेज थी कि सड़क किनारे से होती हुई जंगल में पहुुंच गई।
गढ़खेत निवासी नयन राम शुक्रवार की शाम साढे़ पांच बजे अपनी मैक्स टैक्सी जीप यूके 02बीए/ 0570 को लेकर बज्यूला से गढ़खेत को जा रहे थे। जीप में छह यात्री सवार थे। बली बुबु के मंदिर के पास जीप में अचानक आग लग गई। इसका पता चलते ही चालक ने तुरंत उसे रोक लिया और चालक सहित सभी यात्री बाहर उतर गए। जीप में किसी यात्री का मिट्टी तेल का गेलन भी रखा होने के कारण आग बेकाबू हो गई, और कुछ ही देर में पूरी जीप चपेट में आ गई। बेबस चालक और यात्री कुछ नहीं कर सके। इसी बीच सड़क किनारे की घास ने भी आग पकड़ ली। आग जंगल तक फैल गई। लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। तत्काल वहां पहुंचे वनकर्मी जंगल की आग बुझाने में जुट गए। चालक के अनुसार शार्टसर्किट के कारण इंजन की ओर से आग लगी थी।