ताड़ीखेत विकासखंड के सुदूरवर्ती एक गांव में नाबालिग बालिका के साथ बलात्कार के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि बालिका आठ दिसंबर की देर शाम दुकान से सामान लेकर अकेली घर की तरफ जा रही थी, इसी बीच आरोपी युवक ने उसे दबोच लिया।
पीड़िता की मां ने राजस्व पुलिस में आरोपी के खिलाफ पाक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज करा दिया है। आरोपी घर से फरार है। पीड़िता का यहां मेडिकल चल रहा है। जानकारी के अनुसार आठ दिसंबर की देर शाम 14 वर्षीया बालिका दुकान से सामान लेकर अकेली घर की तरफ जा रही थी।
इसी बीच 19 वर्षीय युवक सुनील चंद्र भी वहां मौजूद था। उसने बालिका को अकेली देखकर उसे दबोच लिया। दुराचार का प्रयास करने पर बालिका की चीख पुकार सुनकर गांव के ही एक अन्य युवक ने वहां पहुंचकर बालिका को छुड़वाया। आरोपी सुनील वहां से फरार हो गया।
डरी सहमी बालिका जब घर पहुंची तो उसने अपनी मां को घटना से अवगत कराया। इधर पीड़िता की मां ने बृहस्पतिवार को यहां राजस्व पुलिस में आरोपी सुनील कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। उपराजस्व निरीक्षक भूपाल गिरि गोस्वामी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 376, 511, 354, 323, 506, 3-4 पाक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया है।
आरोपी गांव से फरार है। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। फिलहाल बालिका का यहां राजकीय अस्पताल में मेडिकल कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घटना से बालिका सदमे में है, उसके बयान लेने की भी तैयारी चल रही है।