नगर के निकटवर्ती पंतकोटली गांव से 11 फरवरी को लापता 30 वर्षीय युवक का शव शनिवार को यहां रानीझील में मिला है। कोतवाली पुलिस ने झील से शव को बाहर निकालकर राजकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पुलिस इस मामले को प्रथमदृष्ट्या आत्महत्या मान रही है। पुलिस का कहना है कि युवक बीएड पास था। नौकरी न मिलने से अवसाद में था। हालांकि परिजनों ने युवक के अपहरण की आशंका जताते हुए राजस्व पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
कोतवाल बीसी शर्मा के अनुसार सुबह कोतवाली में किसी ने रानझील में शव पड़े होने की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर झील से शव को बाहर निकाला। मृतक के जेब में आईकार्ड मिला। जिसमें विजय कुमार पुत्र रतन लाल निवासी पंतकोटली लिखा था। इसके बाद परिजनों को सूचना दी । मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। कोतवाल का कहना है कि युवक लंबे समय से अवसाद था। कुछ दिन भटकने के बाद उसने झील में छलांग लगाकर जान दे दी होगी। आत्महत्या कब की इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा।
मालूम हो कि 13 फरवरी को विजय के चाचा मदन राम ने उप राजस्व निरीक्षक कुंदन सिंह को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जिसमें कहा गया था कि विजय 11 फरवरी की सुबह चार बजे घर से बाहर निकला था। इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताई थी। उधर उपराजस्व निरीक्षक कुंदन सिंह ने बताया कि बीएड करने बाद नौकरी की तलाश में शायद विजय अवसाद में था। पोस्टमार्टम करने के बाद डा. दीप प्रकाश पार्की ने बताया कि डूबने से युवक की मौत होने की आशंका है।