नगर से सटे राजपुरा क्षेत्र में वाहनों से तेल चोरी करने का सिलसिला अभी थमा भी नहीं था कि अब अराजक तत्वों ने कार का शीशा तोड़ डाला।
बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष विजय प्रकाश पांडे ने बताया कि बीती रात अराजक तत्वों ने शिक्षक दीप चंद्र पंत की कार का शीशा तोड़ दिया। इस बाबत उन्होंने पूर्व में भी कई बार पुलिस और प्रशासन को तेल चोरी तथा वाहनों में तोड़ फोड़ करने की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। क्षेत्र के लोग घर के बाहर वाहन खड़ा करने में भी घबरा रहे हैं। टम्टा भवन के समीप अधिक परेशानी है।
उन्होंने कई बार पुलिस प्रशासन से नियमित गश्त करने की मांग की है। रात्रि में यदि पुलिस गश्त रहेगी तो अराजक तत्व का दबदबा कम होगा। इधर कोतवाल बीसी शर्मा का कहना है कि क्षेत्र में गश्ती पुलिस लगाने के प्रयास किए जाएंगे।