अल्मोड़ा/दन्यां। हल्द्वानी से पिथौरागढ़ की ओर जा रहा कैंटर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। जिसमें कैंटर चालक और क्लीनर की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में ट्रक के परखचे उड़ गए और दोनों के शव भी ट्रक के भीतर फंस गए जिन्हें काफी मुश्किल से निकाला जा सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हल्द्वानी से पिथौरागढ़ की ओर जा रहा कैंटर यूए04डी-0919 दन्यां से करीब चार किमी दूर एक मोड़ पर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। जिसमें चालक संजीव कुमार (36) पुत्र दिनेश कुमार निवासी डहरिया रामपुर और नौसे (46) पुत्र अलीजान निवासी रामपुर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय नागरिकों के अलावा पुलिस, राजस्व पुलिस और आपदा की टीम मौके पर पहुंच गई। बताया गया है कि दोनों शव ट्रक के भीतर बुरी तरह फंस गए थे जिन्हें काफी मशक्कत के बाद निकाला जा सका। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है।