अल्मोड़ा। नगर की एक किशोरी की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर किशोरी और उसके परिजनों के मोबाइल नंबर अज्ञात व्यक्तियों को देने की शिकायत पर पुलिस ने कॉलेज में पढ़ने वाले एक छात्र से पूछताछ की। जांच में छात्र ने गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में पुनरावृत्ति नहीं करने की बात कही। पुलिस ने उसे लिखित माफीनामा और सख्त हिदायत के बाद चालान काटकर छोड़ दिया।
मंगलवार शाम एक किशोरी ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसकी फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई है और उसमें उसके परिजनों के मोबाइल नंबर भी डाले गए हैं। शिकायत पर साइबर सैल प्रभारी नीरज भाकुनी ने प्रकरण की जांच की और मामले में कॉलेज के एक छात्र से पूछताछ की।
साइबर सेल प्रभारी ने बताया कि आरोपी छात्र की शिकायतकर्ता से फेसबुक मित्रता थी, लेकिन किसी बात पर किशोरी ने भविष्य में किसी तरह का संपर्क नहीं रखने की बात कही तो छात्र ने किशोरी के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बना दी और किशोरी का मोबाइल नंबर अन्य लोगों को दे दिया। साइबर सेल प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में छात्र ने गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति नहीं किए जाने की बात कही और लिखित माफीनामा दिया।
शिकायतकर्ता द्वारा छात्र के भविष्य को देखते हुए शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं किए जाने की बात पर आरोपी युवक को सख्त हिदायत देकर पुलिस अधिनियम में चालान किया गया। इधर एसएसपी पीएन मीणा ने जनता से सोशल मीडिया साइट पर प्रोफाइल फोटो, मोबाइल नंबर और अन्य गोपनीय जानकारियां नहीं डालने की अपील की है। उन्होंने किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने को कहा है।