अल्मोड़ा। राजस्व क्षेत्र शीतलाखेत से एक माह पहले गुम हुई नाबालिग को पुलिस ने बदायूं के लखनपुर क्षेत्र से बरामद कर लिया। नाबालिग ने इस दौरान भगाने वाले युवक से विवाह भी कर लिया था। पॉक्सो एक्ट में मामला पंजीकृत होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इधर युवती द्वारा परिजनों के साथ जाने से इंकार करने के बाद उसे राजकीय बाल गृह किशोरी बख भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग की कुछ समय पहले मोबाइल के जरिए एक युवक से नजदीकी बढ़ गई। जिसके बाद एक माह पूर्व 11 दिसंबर को वह घर से भाग गई। राजस्व पुलिस ने शीतलाखेत में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया। इसके बाद 28 दिसंबर को विवेचना कोतवाली पुलिस को सौंप दी गई। विवेचक उपनिरीक्षक दरबान ने गुमशुदा के बारे में दोस्तों, रिश्तेदारों से भी जानकारी ली लेकिन कुछ पता नहीं चला।
इधर एसएसपी पीएन मीणा द्वारा कोतवाली पुलिस को जल्द से जल्द नाबालिग को खोजने के निर्देश के बाद पुलिस ने सर्विलांस के जरिए नाबालिग के मोबाइल के जरिए बदायूं के लखनपुर से उसे बरामद कर लिया लेकिन इस दौरान युवक मौके से फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने सूरज सिंह निवासी नयागांव कालाढूंगी, नैनीताल को बेस तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाल अरुण वर्मा ने बताया कि युवती के नाबालिग होने और विवाह करने के बाद पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए विवेचना उपनिरीक्षक मोनी टम्टा को सौंपी गई। मोनी टम्टा ने परिजनों के सामने नाबालिगा की काउंसलिंग कराई लेकिन उसने परिजनों के साथ जाने से साफ मना कर दिया। जिसके बाद नाबालिग को राजकीय बाल गृह किशोरी बख में दाखिल करा दिया गया।