अल्मोड़ा। मालरोड स्थित एक भवन में मोबाइल की दुकान चलाने वाला एक व्यक्ति पिछले काफी दिनों से लापता है और परिजनों ने पुलिस में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि इस व्यक्ति की कई लोगों से देनदारी है। सोमवार को भवन स्वामी ने पुलिस के संरक्षण में दुकान खाली करवाई और सामान एक अन्य कमरे में रख दिया गया।
जानकारी के अनुसार माल रोड में एक होटल में मोबाइल की दुकान चलाने वाला दुकान स्वामी कैलाश तिवारी एक माह पूर्व हल्द्वानी गया था, वहीं से वह लापता हो गया। परिजनों ने हल्द्वानी में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है। इधर भवन स्वामी ने पुलिस की सहायता लेकर सोमवार को दुकान का सामान खाली करवाकर एक कमरे में रखवा दिया। इस बीच कई अन्य लोग वहां पहुंच गए। उनका आरोप था कि लापता व्यक्ति ने उनका भी काफी पैसा चुकाना है। इन लोगों ने थाने में भी तहरीर दे दी है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।