अल्मोड़ा। संभागीय परिवहन विभाग ने तीन प्राइवेट वाहनों को कमर्शियल तौर पर प्रयोग करने पर सीज कर दिया है। तीनों वाहन स्वामियों पर हजारों का जुर्माना भी लगाया गया है। इसके अलावा एक साल से वाहन की फिटनेस नहीं होने पर एक ट्रैवलर को भी सीज किया है। चारों वाहनों से करीब एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला।
प्राइवेट वाहन को कामर्शियल प्रयोग में लाने और टैक्स चोरी के मामलों को संभागीय परिवहन विभाग ने सख्ती से लिया है। एआरटीओ आलोक जोशी ने बताया कि बीते दिनों लगातार अभियान के दौरान टीम को तीन प्राइवेट इनोवा वाहन टैक्सी में चलते मिले। प्राइवेट वाहन के कामर्शियल प्रयोग होने पर धारा 56, 66, 86 के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों पर 26-26 हजार का जुर्माना लगाया गया है और वाहन को सीज कर दिया है। इसके अलावा चार सीट के एक ट्रैवलर वाहन का एक साल से फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं बना था। इस पर भी कार्रवाई करते हुए मोटर वाहन अधिनियम के तहत 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और वाहन को सीज कर दिया है। इसके अलावा दिवाल पर्व के दौरान जिले में अलग अलग स्थानों में अभियान चलाते हुए संभागीय परिवहन विभाग ने करीब 40 दोपहिया और चौपहिया वाहनों का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान काटा है। उन्होंने बताया कि पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।