अल्मोड़ा। रुद्रप्रयाग क्षेत्र से ट्रैकिंग से लौट रहे केरल निवासी एक ट्रैकर को कुछ बदमाशों ने जहरीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और फिर उसके पास से 15 हजार रुपये और दो मोबाइल लूटकर फरार हो गए। शनिवार सुबह कई घंटे बाद होश में आने के बाद युवक ने लोगों को आप बीती सुनाई।
केरल के तिरुअनंतपुरम से ट्रैकिंग पर आए ज्योतिरादित्य ने बताया कि वह बीते दिनों रुद्रप्रयाग क्षेत्र में स्थित चोप्ता चोटी पर ट्रैकिंग करके लौटा। उसका कहना था कि रास्ते में उसे दो लोग बस में मिले। जब ज्योतिरादित्य ने उन्हें बताया कि वह यहां से नेपाल की तरफ जाने वाला है तो उन्होंने भी नेपाल चलने की बात कही। ट्रैकर का कहना है कि शुक्रवार को उन दोनों संदिग्ध लोगों के साथ वह अल्मोड़ा पहुंचा। शाम को उसने पीएनबी के एटीएम से 15 हजार रुपये निकाले। बाद में शाम को करबला में अपने साथ लाए टेंट में कुछ भोजन आदि खाने के बाद वह सो गया। उस वक्त दोनों संदिग्ध लोग भी उसके पास मौजूद थे। उसके बाद उसे बेहोशी छा गई। शनिवार को काफी देर बात उसे होश आया तो उसके 15 हजार रुपये और दो मोबाइल फोन गायब थे। उसने छायाकार जयमित्र बिष्ट को आपबीती सुनाई। इस युवक का कहना है कि इस मामले में उसने अभी एफआईआर दर्ज नहीं कराई है। इधर पुलिस ने बताया कि इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।