अल्मोड़ा। जिले में शीतलहर का प्रकोप जारी है। सोमवार को भी मौसम खराब रहा। पिछले चार दिन से पड़ रही कड़ाके की ठंड से आम जनजीवन बेहाल है। सुबह घना कोहरा था लेकिन थोड़ी देर बार ही बारिश होने शुरू हो गई। सुबह कोहरा लगने से वाहनों की रफ्तार भी धीमी रही।
सोमवार सुबह हल्की बारिश हुई जिससे तापमान लुढ़क कर नीचे आ गया। दिन में कुछ देर हल्की धूप आई लेकिन फिर मौसम खराब हो गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। ठंड से लोगों ने घर से बाहर कम ही रुख किया। सोमवार को शराब, मटन, चिकन की दुकानों में खरीदारों की भीड़ रही है। खासकर शराब की दुकानों में अन्य दिनों की अपेक्षा बिक्री ज्यादा हुई।
ठंड से बचाव के लिए जलने लगे अलाव
अल्मोड़ा। पालिका की ओर से नगर के केमू स्टेशन, टैक्सी स्टैंड में अलाव जलाए जा रहे हैं। डीएम वंदना सिंह के निर्देश के बाद जिले के सभी तहसीलों के प्रमुख स्थानों में अलाव जलने शुरु हो गए हैं। जिले के स्याल्दे, देघाट, सराईखेत, भतौजखान, डोटियाल, मौलेखाल, शशिखाल, जालीखान, मछोड़, झिमार, पैसिंया, जालली, मरचूला, रानीखेत में गांधी चौक, केमू स्टेशन, रोडवेज बस अड्डा, द्वाराहाट बाजार, जालली, चौखुटिया बाजार, मासी, बग्वालीपोखर सहित अन्य मुख्य स्थानों पर संबंधित एसडीएम के निर्देशन में अलाव जलाए जा रहे।
रैन बसेरे का रास्ता ध्वस्त, दुर्घटना का खतरा बढ़ा
अल्मोड़ा। ठंड से नगर के खजांची मोहल्ला में बना रैन बसेरा लोगों को राहत दे रहा है लेकिन रैन बसेरा को जाने वाला रास्ता ध्वस्त होने से वहां आने जाने वाले लोगों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। रात्रि के अंधेरे में रास्ता ठीक से दिखाई भी नहीं देता है। जिससे दुर्घटना होने का खतरा बढ़ गया है। सहालग सीजन के चलते नगर के तमाम होटल पैक हैं। होटलों में जगह न होने और किराया अधिक होने से लोग विश्राम के लिए रैन बसेरा का सहारा ले रहे हैं।
अल्मोड़ा में बारिश दौरान छाता लेकर निकलते लोग।- फोटो : ALMORA