अल्मोड़ा। इंटरनेट बैंकिंग के पासवर्ड की वैधता खत्म होने का फर्जी संदेश भेजकर साइबर ठग ने एक व्यक्ति से लगभग 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया है।
फलसीमा गांव के मनोज सिंह बिष्ट ने कोतवाली में तहरीर देकर कहा कि बृहस्पतिवार को उसे एक एसबीआई की इंटनेट बैंकिंग के पासवर्ड की वैधता समाप्त होने का एक एसएमएस प्राप्त हुआ। एसएमएस खोलते ही उसमें भेजे गए लिंक का वेब पेज खुला जो एसबीआइ के पेज की तरह था। पीड़ित के पास एक पासवर्ड आया जो खुद ही पेज में स्वीकार हो गया और उसके खाते से 49985 रुपये कट गए। कुछ देर बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने बैंक को मामले की जानकारी दी तो बैंक की तरफ से धन वापसी से हाथ पीछे खींच लिए। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर के साथ ही पुलिस को शिकायती पत्र दिया। कोतवाल जगदीश चंद्र देउपा ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। उन्होंने लोगों से साइबर ठगों से सतर्क रहने की अपील भी की है।
साइबर क्राइम से ऐसे करें बचाव
-अनजान व्यक्ति से फोन पर बात कर उसके बहकावे में ना आएं।
-अच्छी तरह जांच करने के बाद ही किसी भी बैंक खाते में राशि डालें।
-फेसबुक, ट्विटर आईडी का पासवर्ड स्ट्रांग रखें, सरल पासवर्ड न रखें।
-कोई रुपयों की मांग करता है, तो पहले जांच लें या मैसेज करने वाले से फोन पर संपर्क करें।
-बैंक कर्मचारी कभी भी फोन पर डिटेल्स नहीं मांगते हैं।