मानिला-रामनगर रोड में सदर बाजार तिराहे पर दुर्घटनाग्रस्त सेंट्रो कार। (विज्ञप्ति)
- फोटो : ALMORA
मानिला (अल्मोड़ा)। मानिला-रामनगर रोड में रविवार को सदर बाजार तिराहे पर काफी मात्रा में पड़े गोबर में एक सेंट्रो कार रपटकर सड़क से नीचे लुढ़क गई। इसमें मणुली गांव निवासी एक ही परिवार के चार लोग मामूली रूप से घायल हो गए। इस स्थान पर पड़े गोबर के कारण आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं।
लोगों ने क्षेत्र में काफी संख्या में लावारिस गोवंशीय पशु छोड़ रखे हैं। यह पशु मानिला के सदर बाजार-चौना-रामनगर मार्ग के तिराहे पर एकत्र हो जाते हैं। इस स्थान पर सड़क में काफी मात्रा में गोबर पड़ा हुआ है। इस पर आए दिन दोपहिया सवार रपटते रहते हैं। दिल्ली से सेंट्रो कार (डीएल-8-सीएई-6380) से हेम चंद्र नैैलवाल (36) पत्नी और दो बच्चों के साथ अपने गांव मणुली आ रहे थे। रविवार सायं करीब पांच बजे सदर बाजार तिराहे के पास मार्ग में पड़े गोबर में उनकी कार स्लिप हो कर सड़क से करीब पांच मीटर नीचे लुढ़क गई। कार के पलटते ही स्थानीय दुकानदार प्रकाश चंद्र, पूरन चंद्र, महिपाल असवाल आदि मौके पर पहुंचे और उन्हें दुर्घटनाग्रस्त कार से चारों लोगों को बाहर निकाला। दुर्घटना में हेम चंद्र नैलवाल, उनकी पत्नी निर्मला देवी, पुत्र अरितेष (8), पुत्री चारु (4) को मामूली चोट पहुंची। चारों लोग सकुशल बच गए।
पिछले दिनों चौना रोड का कार्य करवा रहे ठेकेदार ख्याली दत्त मठपाल और उनके साथी अर्जुन सिंह दोपहिये से आ रहे थे। गोबर में रपटकर दोपहिया दुर्घटनाग्रस्त हो गया और वह घायल हो गए। वहीं सल्ट ब्लॉक में कार्यरत कृपाल रावत भी रविवार शाम को साथी रवि गोस्वामी के साथ घर लौट रहे थे। उनका दोपहिया भी रपट गया।
स्थानीय ग्राम प्रधान भास्करानंद ने बताया कि आवारा पशुओं के गोबर से आए दिन सदर बाजार तिराहे पर वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। राह चलते लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लोनिवि और प्रशासन से सड़क से गोबर हटाने और लावारिस जानवरों के लिए अन्यत्र व्यवस्था करने की मांग उठाई है।