अल्मोड़ा। रैमजे इंटर कॉलेज में आयोजित आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम में जहां देश भक्ति पर आधारित गीतों की धूम रही वहीं कलाकारों ने स्वतंत्रता सेनानियों की गाथाओं और अंग्रेजों के जुर्म पर नाटक प्रस्तुत कर दर्शकों को भाव विभोर कर दिया।
विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने कार्यक्रम का शुभारंभ कर कहा कि कई लोगों की कुर्बानी, शहादतों के बाद हमें आजादी मिली है।
विहान सांस्कृतिक संस्था के कलाकारों ने अल्मोड़ा के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की गाथाओं, अंग्रेजों द्वारा उन्हें दी गई यातनाओं को नाटक के माध्यम से प्रदर्शित कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
कलाकारों ने 1930 में सल्ट का नमक कानून और नगरपालिका बोर्ड अल्मोड़ा का सत्याग्रह, 1942 में चनौदा आश्रम में महात्मा गांधी का सत्याग्रह आंदोलन, 1921 में सरयू-बगड़ में कुली बेगार प्रथा के मार्मिक और भावुक दृश्यों का मंचन किया।
नाटक के प्रदर्शन से अभिभूत होकर विधानसभा उपाध्यक्ष ने विहान सांस्कृतिक संस्था के प्रत्येक कलाकार को दो हजार रुपये दिए। चौहान ने प्रभारी पुरातत्व अधिकारी को प्रत्येक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के गांवों में इस नाटक का प्रदर्शन करने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व विवेकानंद विद्या मंदिर की छात्राओं, रैमजे इंटर कॉलेज के छात्रों ने जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गोविंद बल्लभ पंत, हर गोविंद पंत, विक्टर मोहन जोशी, देवी दत्त पंत, दुर्गा सिंह, बद्रीदत्त पांडे समेत अन्य के जीवन गाथाओं का व्याख्यान, देश भक्ति गीत प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष कैलाश गुरुरानी, गोविंद सिंह पिलख्वाल, गिरीश मल्होत्रा, सीईओ एचबी चंद, प्रभारी पुरातत्व अधिकारी चंद्र सिंह चौहान, रैमजे इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य वीटी विल्सन, विद्या कर्नाटक आदि थे।