ट्रक की टक्कर से क्षतिग्रस्त वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
रोड़ी लेकर पिथौरागढ़ की ओर जा रहा ट्रक असंतुलित होकर सड़क किनारे खड़े वाहनों से टकरा गया। ट्रक की चपेट में आने से तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक और क्लीनर भाग निकले। ट्रक के बीच सड़क में तिरछा खड़ा होने से वाहन पास नहीं हो सके और इससे जाम लग गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी अन्य चालक को बुलाकर ट्रक को हटाया। करीब दो घंटे बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।
ट्रक (यूके 05 सीए 0291) रोड़ी लेकर पिथौरागढ़ की ओर जा रहा था। दोपहर करीब 1:15 बजे चितई मंदिर के पास मोड़ पर ब्रेक लगते ही ट्रक रपट कर सड़क पर तिरछा होकर वाहनों से टकरा गया। टक्कर से सड़क किनारे खड़ी नई बोलेरो (बगैर नंबर), मंदिर दर्शन को पहुंचे श्रद्धालुओं की इनोवा गाड़ी (डीएल 8सी एएम 0561) और मैक्स जीप (यूके 01 टीए 076) क्षतिग्रस्त हो गई। मौका मिलते ही ट्रक चालक और क्लीनर भाग निकले। ट्रक के सड़क पर तिरछा खड़े हो जाने के कारण करीब दो घंटे तक आवागमन ठप रहा। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना पर सीओ अव्वल सिंह, रावत और कोतवाल पीसी भट्ट मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किसी चालक को बुलाकर ट्रक को सड़क से हटाया। इसके बाद करीब तीन बजे यातायात सुचारु हो सका। कोतवाल ने बताया कि किसी भी पक्ष ने रिपोर्ट नहीं दी है। क्षतिग्रस्त वाहनों और ट्रक स्वामी के बीच हुई वार्ता के बाद आपसी सहमति पर राजीनामा हो गया है।