द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। विपिन त्रिपाठी इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक के साथ हुए विवाद के बाद विधायक मदन बिष्ट के खिलाफ लोगों का आक्रोश कम नहीं हो रहा है। पहले भाजपा तो अब यूकेडी और राज्य आंदोलनकारियों ने भी उनके खिलाफ आवाज बुलंद की है। द्वाराहाट में राज्य आंदोलनकारियों ने विधायक बिष्ट पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर धरना दिया और बाद में एसडीएम सुनील कुमार के माध्यम से राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष को ज्ञापन भेजा। इस दौरान उन्होंने जमकर नारे भी लगाए।
बुधवार को पूर्व विधायक पुष्पेष त्रिपाठी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विधायक बिष्ट के खिलाफ प्रदर्शन कर त्रिमूर्ति चौक पर धरना दिया। पूर्व विधायक त्रिपाठी ने कहा कि विधायक बिष्ट ने निदेशक के आवास पर जाकर उन्हें धमकाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया है जो अमर्यादित है।
कहा कि कॉलेज परिसर में कई छात्राएं रहती हैं। उनका और उनके समर्थकों का नशे में परिसर में घुसना निदंनीय है। उन्होंने कहा कि एक विधायक की यह कारस्तानी क्षमा योग्य नहीं है।
धरना और प्रदर्शन में यूकेडी के ब्लॉक अध्यक्ष मनोहर संगेला, राज्य आंदोलनकारी संगठन अध्यक्ष मनोज आधिकारी, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख चंदन नेगी, कैलाश फुलारा, बिपिन पंत, दान सिंह, गोपाल रौतेला, बीरेंद्र बजेठा, कला कांडपाल आदि मौजूद रहे।
-
चौखुटिया/जैंती में फूंका विधायक का पुतला
जैंती (अल्मोड़ा)। जैंती में भाजपा कार्यकर्ताओं ने द्वाराहाट इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक डॉ. केकेएस मेर को धमकाने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने के मामले पर मुख्य तिराहे पर विधायक मदन बिष्ट का पुतला फूंका। उन्होंने उनकी जल्द गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों में भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, ब्लाॅक प्रमुख विक्रम सिंह बगड़वाल, श्याम नारायण पांडे, मंडल अध्यक्ष कुंदन नगरकोटी, कुंदन बिष्ट, बची सिंह बिष्ट, लक्ष्मण सिंह पटवाल आदि शामिल रहे।
इधर, भाजपाइयों ने चौखुटिया में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और क्रांतिवीर चौराहे पर विधायक बिष्ट का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने विधायक को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश विभाग प्रभारी अनिल शाही, मंडल अध्यक्ष नारायण सिंह रौतेला, बिंदेश्वरी पांडे, बीडीसी सदस्य चेतना नेगी, मासी मंडल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश फुलोरिया मौजूद थे। संवाद
अल्मोड़ा के कांग्रेस जिलाध्यक्ष आगे आए विधायक बिष्ट के बचाव में
अल्मोड़ा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज द्वाराहाट विधायक मदन बिष्ट के बचाव में आगे आए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा निदेशक प्रकरण में विधायक मदन बिष्ट का पुतला फूंक रही है। कठपुतली बने निदेशक का भाजपा बचाव कर रही है। लेकिन भाजपा को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल ने सरेआम सड़क पर मारपीट की। अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई और आरोपियों को भाजपा बचाती रही। मणिपुर में महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाया गया, तब भी भाजपा नेता चुप रहे। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बेजुबान घोड़े की जान ले ली, लेकिन भाजपा नेता इस मामले पर भी पर्दा डालते रहे। विधायक मदन बिष्ट के खिलाफ जहर उगल रही भाजपा को इन सभी घटनाओं पर उठे सवालों के जवाब जनता को देने चाहिए।