धौलछीना (अल्मोड़ा)। बिनसर वन्य जीव विहार सिविल सोयम वन प्रभाग के धौलछीना अनुभाग की ओर से प्राथमिक पाठशाला धौलछीना में अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया गया। इस मौके पर हुई गोष्ठी में ग्रामीणों को जंगलों में आग लगने की घटनाओं के कारणों के अलावा जंगलों की सुरक्षा और रोकथाम के लिए जरूरी उपायों की जानकारी दी गई। इस मौके पर बच्चों ने धौलछीना बाजार में जागरूकता रैली भी निकाली।
वन क्षेत्राधिकारी गोविंद सिंह बिष्ट ने ग्रामीणों से खेतों में घास, पत्ती आदि जलाते समय सावधानी बरतने, राख को मिट्टी से ढकने को कहा। वन दरोगा जीवन सिंह बोरा ने बताया कि 15 फरवरी से जून तक फायर सीजन होता है, इस बीच जंगल में जलती बीड़ी, सिगरेट आदि को न डालें। उन्होंने बताया कि इससे जंगलों में आग लगने की अधिक संभावना बनी रहती है। गोष्ठी में जंगलों मेें हो रहे अवैध कटान पर भी चिंता व्यक्त की गई।
वक्ताओं ने बताया कि आग और अवैध कटान से जंगलों का क्षेत्रफल धीरे-धीरे कम होता जा रहा है। इसके बाद स्कूल के बच्चों ने लोगों को जागरूक करने के लिए धौलछीना बाजार में रैली भी निकाली और वनों को आग से बचाने और वनों की सुरक्षा का संकल्प भी लिया। इस दौरान इस दौरान नारायण नाथ गोस्वामी, भीम सिंह, संभल सिंह, जीवन सिंह, उमेश मनराल, उर्मिला ह्यांकी, दरबान सिंह आदि लोग मौजूद थे।