जिले में स्मैक की सबसे बड़ी खेप पकड़ी गई, तस्कर की संपत्ति होगी कुर्क
अल्मोड़ा। एएनटीएफ, एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम ने 300 ग्राम स्मैक के साथ शाहजहांपुर, यूपी के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह जिले में अब तक पकड़ी गई स्मैक की सबसे बड़ी खेप है।
एएनटीएफ और एसओजी ने रविवार देर रात लोधिया के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। टीम ने शक होने पर क्वारब से आ रही यूपी नंबर की बाइक को रुकवाया। चालक मोईन खान(27), निवासी आमडार, थाना पुवाया, जिला शाहजहांपुर, यूपी की तलाशी ली। उसके पास 300 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू मिला। एसएसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि जिले में इतनी बढ़ी मात्रा में स्मैक पकड़े जाने का पहला मामला है। कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह फरीदपुर के एक व्यक्ति से स्मैक खरीदकर लाया। पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचकर युवाओं को ऊंचे दामों में बेचकर मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में था। कहा आरोपी की संपत्ति कुर्क की जाएगी। उन्होंने टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।
कम हो रहा या बढ़ रहा नशे का कारोबार, बढ़ा सवाल
अल्मोड़ा। जिले में ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत नशे के सामान के कारोबार को समाप्त करने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन तस्करी के बढ़ते मामलों से कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। 2023 में जिले में 435 ग्राम स्मैक बरामद हुई लेकिन इस वर्ष सिर्फ 64 दिन में 448 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। सोमवार को बरामद स्मैक ने अब तक के पुराने सभी रिकार्ड ध्वस्त किए हैं। इससे अंदाजा लगाना कठिन है कि जिले में नशे के सामान का कारोबार कम हो रहा है या इसमें इजाफा हो रहा है।
छोटे तस्करों से मिल रही बड़े तस्करों की जानकारी
अल्मोड़ा। एसएसपी देवेंद्र पींचा ने कहा कि यह पुलिस की सजगता है कि अब कोई भी तस्कर पकड़ से बाहर नहीं हैं। ऐसे में साल के शुरुआत में ही बरामद स्मैक की मात्रा में बढ़ोतरी हुई है। कहा कि छोटे तस्करों के जरिए बड़े तस्करों की जानकारी मिल रही है और वे गिरफ्त में आ रहे हैं। कहा कि पुलिस पकड़े गए तस्कर के जरिए इसकी पूरी चेन खंगालेगी। इसका नेटवर्क कहां तक फैला है, किसे स्मैक बेची जानी थी, इसे स्मैक किसने उपलब्ध कराई, कौन से युवा नशे की गिरफ्त में हैं यह भी जानकारी हासिल की जा रही है। जानकारी के मुताबिक आरोपी ने इस कारोबार में लिप्त कई नाम खोले हैं। मामले की तह तक जाने के लिए अन्य जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया जाएगा।