अल्मोड़ा। जिले में दो दिनों में 199 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। पहली लहर से अब तक जिले में 162 लोग कोरोना से अपनी जान गंवा चुके हैं। कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। इसके बावजूद लोग कोविड के दिशानिर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं। बाजार मे भीड़ वाले स्थानों पर भी सामाजिक दूरी का पालन होते नहीं दिखाई दिया।
जिले में दो दिनों में कुल 199 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार को जिले में 20 लोग कोरोना संक्रमित मिले। हवालबाग ब्लॉक में आठ, ताकुला में दो, ताड़ीखेत में एक, द्वाराहाट में एक, धौलादेवी में पांच, देघाट में तीन लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। इससे पूर्व बुधवार को जिले में कुल 179 लोग कोरोना संक्रमित मिले। हवालबाग ब्लॉक में 52, भैंसियाछाना में एक, ताकुला में आठ, ताड़ीखेत में छह, लमगड़ा में 30, धौलादेवी में एक, सल्ट में 71, रानीखेत में 10 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। जिला अस्पताल में दो और महिला अस्पताल में तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। जिले में अभी 535 सक्रिय मामले हैं। इधर, सीएमओ डॉ. आरसी पंत ने बताया कि कोरोनाकाल में लोग कोविड नियमों का पूर्णरूप से पालन करें। सामाजिक दूरी बनाए रखे। दिक्कतें होने पर कोरोना जांच कराएं।
जिला अस्पताल की ओपीडी 205 रही
अल्मोड़ा। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी 205 रही। इनमें अधिकतर मरीज सर्दी और जुकाम के थे। अस्पताल में लोग अपनी कोरोना जांच भी करा रहे हैं। वहीं, संग्रहालय में कोरोना की बूस्टर डोज लगाई जा रही है। अस्पताल के डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि वे बदलते मौसम के दौरान अपना अधिक ध्यान रखें। पानी उबला हुआ पीएं और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें। संवाद
बागेश्वर में दो दिन में 272 लोग डिस्चार्ज
बागेश्वर। जिले में कोरोना संक्रमण की स्थित में सुधार देखने को मिल रहा है। पिछले दो दिनों में संक्रमण के 106 नए मामले आए जबकि 272 लोगों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया। वर्तमान में जिले में 367 सक्रिय मरीज हैं। 14 का इलाज कोविड अस्पताल में चल रहा है। 353 होम आइसोलेशन में हैं।
सीएमओ डॉ. सुनीता टम्टा ने बताया कि 26 जनवरी को जिले में कोरोना के 94 केस आए थे, जबकि 192 लोग डिस्चार्ज किए गए थे। वहीं बृहस्पतिवार को 12 केस आए और 80 लोगों को स्वस्थ्य होने पर डिस्चार्ज किया गया। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में कोरोना के 7450 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, जिनमें से 7027 लोग ठीक हो चुके हैं। महामारी से 56 लोगों की मौत भी हुई है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए जांच भी तेज की गई है। पहले की तुलना में अधिक लोगों के सैंपल जांच को भेजे जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को 632 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। संवाद