अग्निवीर बनने के लिए दौड़ लगाते उधम सिंह नगर के युवक। संवाद
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। सेना के सोमनाथ मैदान में अग्निवीरों की भर्ती रैली जारी है। सोमवार को ऊधम सिंह नगर जनपद की तहसीलों से 3057 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिसमें कुल 1987 युवाओं ने दौड़ लगाई।
आर्मी भर्ती बोर्ड (एआरओ) अल्मोड़ा के तहत चार जिलों (अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर) के कुल 30,684 उम्मीदवारों ने अग्निवीर सोल्जर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क, एसकेटी, ट्रेड्समैन की विभिन्न श्रेणियों के तहत पंजीकरण कराया है।
रैली के आयोजन को लेकर इस बार प्रशासन ने बेहतर इंतजाम किए हैं। बाजार में भी व्यवस्था पूरी तरह से चाक चौबंद है। हर जगह खाने के स्टाल खुले हुए हैं, प्रशासन की टीम नियमित रूप से वहां जाकर खाने की गुणवत्ता की जांच कर रही है।
संयुक्त मजिस्ट्रेट जय किशन ने बताया कि वे भी स्वयं देर रात तक व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। बता दें कि अग्निपथ योजना के तहत भर्ती के लिए राज्य भर से 1,08,000 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है। अग्निवीर बनने के लिए युवाओं में खासा उत्साह भी देखा जा रहा है।