अल्मोड़ा। कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला जत्थे का मंगलवार शाम अल्मोड़ा पहुंचने पर केएमवीएन के होली-डे-होम में स्वागत किया गया। अल्मोड़ा पहुंचने पर यात्रियों ने बाल मिठाई का स्वाद चखा और बुरांश के जूस का आनंद लिया। 59 यात्रियों के पहले जत्थे में 17 महिलाओं समेत 42 पुरुष शामिल हैं। तीर्थयात्रियों के दल में पहली बार दो-दो जनसंपर्क अधिकारी शामिल हैं।
कैलाश मानसरोवार की यात्रा में सबसे ज्यादा 14 तीर्थ यात्री दिल्ली से और सबसे कम एक-एक यात्री चंडीगढ़, कर्नाटक और तेलंगाना से शामिल है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ से तीन, गुजरात से दो, महाराष्ट्र से पांच, हरियाणा से चार, केरल से दो, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल से तीन-तीन, राजस्थान से सात, उत्तर प्रदेश से 11 और उत्तराखंड से दो यात्री शामिल हैं। अल्मोड़ा पहुंचने पर होली-डे-होम की प्रबंधक शीला साह, प्रकाश उनियाल समेत कर्मचारियों ने तीर्थ यात्रियों का भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें बुरांश का जूस पिलाया गया और स्मृति चिन्ह भेंट किए। बुधवार सुबह यात्री पहले चितई में ग्वल देवता मंदिर का दर्शन करेंगे। उसके बाद धारचूला के लिए रवाना होंगे। दल के लाइजनिंग अफसर अमरनाथ अशोकन और देवेंद्र सिंह हैं।