समय पर बच्चों की फीस जमा न कर पाने और उनकी पढ़ाई छूटने से आहत एक मजदूर की सदमे से मौत हो गई। परिजन कॉलेज प्रबंधन को जिम्मेदार मान रहे हैं। पुलिस को अभी तक कोई तहरीर नही मिली है।
फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के गांव मौजमाबाद के महामाया पब्लिक इंटर कॉलेज में गांव के ही श्रीपाल के दो बच्चे बबलू हाई स्कूल व मोहिनी इंटर में पढ़ते हैं। घर वालों ने बताया कि मजदूर श्रीपाल अपने बच्चों की फीस नहीं जमा कर पाया।
आरोप है कि फीस बाकी होने पर कॉलेज प्रशासन ने दोनों बच्चों को छमाही की परीक्षा से वंचित कर दिया। इस पर श्रीपाल सोमवार को स्कूल गए और फीस के बारे में अध्यापकों से बात करनी चाही तो उन्हें गेट पर ही रोक लिया गया और भला बुरा कहा गया। इससे क्षुब्ध श्रीपाल वापस घर आए।
परिवार के मुताबिक अचानक श्रीपाल के सीने में दर्द उठा और वह गश खाकर गिर गए। थोड़ी ही देर में श्रीपाल की मौत हो गई। परिजन मौत के लिए कॉलेज प्रबंधन को जिम्मेदार मान रहे हैं। हांलाकि परिजनों ने लिखित में कोई शिकायत नहीं की है।