उत्तर प्रदेश के बिजनौर के मंडावर में दुष्कर्म का विरोध करने पर एक विवाहिता को केरोसिन छिड़ककर जिंदा जला दिया गया। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गांव से फरार हो गए।
विवाहिता का पति मजदूरी करने गांव से बाहर गया हुआ था। शुक्रवार रात करीब दो बजे विवाहिता अपने तीन बच्चों के साथ घर में सो रही थी तो आरोपी अपने दो साथियों के साथ घर में घुस आया और उसके साथ बलात्कार का प्रयास किया।
विवाहिता ने जब इसका विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपियों ने हड़बड़ाहट में उसके ऊपर केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी और फरार हो गए।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाने के बाद विवाहिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
शनिवार को बिजनौर पहुंचे मृतका के पति ने आरोपी युवक के खिलाफ मंडावर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए थानाध्यक्ष को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।