मुजफ्फनगर के बुढ़ाना थाना क्षेत्र में मंगलवार को मां और बहन को बंधक बनाकर युवती से रेप का मामला सामने आया है। घटना के दौरान शोर सुनकर इकट्ठा हुए लोगों ने एक आरोपी को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।
हालांकि, आरोपी का एक साथी वहां से फरार हो गया। गुस्साए लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पर हंगामा किया। पीड़िता को देर रात मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया।
बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र की एक महिला अपनी दो बेटियों के साथ मंगलवार को चारा लेने के लिए जंगल गई थी। छह बजे के करीब जंगल में मिले दो युवकों ने तमंचे के बल पर उन्हें पकड़ लिया।
आरोप है कि मां-बेटी को अपने कब्जे में लेकर एक युवक ने बड़ी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। महिलाओं ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो पास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने गांव में जाकर बदमाशों के आने का शोर मचा दिया। कुछ देर में मौके पर सैकड़ों लोग एकत्र हो गए।
भीड़ ने घेराबंदी कर महिलाओं को मुक्त करा लिया और एक आरोपी सोनू को पकड़ लिया। आक्रोशित भीड़ ने उसे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। इसी बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ के चुंगल से आरोपी को निकालकर पहले बुढ़ाना अस्पताल में भर्ती कराया, फिर उसे इलाज के लिए मुजफ्फरनगर भेज दिया।
एसपी देहात कल्पना सक्सेना ने बताया कि फरार साथी का सुराग लग गया है। उनकी तलाश में दबिश चल रही है।