नरेंद्र मोदी 20 दिसंबर को राजातालाब के पास खजुरी में विजय शंखनाद रैली को संबोधित करेंगे। लंबी कवायद के बाद आखिरकार मोदी की रैली के लिए स्थान का चयन कर लिया गया। बुधवार को देर शाम भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने लखनऊ में काशी क्षेत्र की रैली के स्थान की घोषणा की।
सूत्रों के अनुसार बुधवार की शाम तक बाबतपुर स्थित सुमन मोटल्स के पास मैदान को रैली के लिए चुना गया था।
प्रदेश अध्यक्ष की अनुमति के बाद प्रदेश कार्यालय से प्रेस नोट भी जारी हो चुका था, लेकिन कुछ ही देर बाद पार्टी हाईकमान के हस्तक्षेप के बाद रैली स्थल को बाबतपुर से बदलकर खजुरी, राजातालाब कर दिया गया।
आनन-फानन में प्रदेश महामंत्री देवेंद्र सिंह चौहान, प्रदेश के सह प्रभारी रामेश्वर चौरसिया, काशी क्षेत्र के अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, विधायक ज्योत्सना श्रीवास्तव, महापौर रामगोपाल मोहले और मीडिया प्रभारी संजय भारद्वाज सहित काशी क्षेत्र के कई बड़े नेता राजातालाब गए और चयनित मैदान का निरीक्षण किया। इस बीच काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी संजय भारद्वाज ने बताया कि रैली स्थल शहर से 17 किलोमीटर दूर है। एक लाख 70 हजार वर्ग मीटर का मैदान रैली के लिए चुना गया है। वाराणसी-इलाहाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित खजुरी गांव की यह जमीन किसानों की हैं।