उत्तर प्रदेश में जसराना के गांव आबू अतुर्रा में गुरुवार को लुका-छिपी के खेल में एक बालिका अनुराधा (4) आग में जिंदा जल गई। इस दर्दनाक हादसे से ग्रामीण स्तब्ध हैं। घटना दोपहर करीब 12 बजे की है।
अनुराधा गांव आबू अतुर्रा निवासी राजू की बेटी थी। घटना के समय वह गांव के अपने हमउम्र बच्चों के साथ लुका-छिपी खेल रही थी। बच्चों से बचने के लिए वह भूसे की बुर्जी में जाकर छिप गई।
इसी दौरान उसे बाहर निकालने के लिए किसी बच्चे ने शरारत की और माचिस की तीली जलाकर बुर्जी पर फेंक दी। बुर्जी में तेजी से आग फैल गई। आग की लपटे उठती देख ग्रामीण बुझाने को दौड़े।
लेकिन उन्हें यह भनक नहीं लगी कि आग में बच्ची भी फंसी है। पिटाई के डर से अनुराधा के साथ खेल रहे बच्चों ने इसकी जानकारी किसी को नहीं दी और मौके से भाग गए। आग बुझने पर बच्ची उसमें 90 प्रतिशत जली हुई हालत में मिली।
अनुराधा के परिवार जन उसे लेकर शिकोहाबाद अस्पताल पहुंचे, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवारजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।