उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पूर्व विधायक सर्वेश सिंह उर्फ सीपू सिंह की हत्या के पीछे राजनैतिक विद्वेष के बजाय संपत्ति विवाद का अधिक अंदेशा सामने आ रहा है। इसके साथ ही एक प्रभावशाली राजनेता का नाम सामने आ रहा है।
जांच से जुड़े अधिकारी घटना के पीछे की वजह को पुख्ता करने वाले प्रमाणों को जुटाने में लग गए हैं।
एसटीएफ के सूत्रों के मुताबिक पूर्व विधायक सीपू सिंह का शहर में 14 बीघे से अधिक जमीन को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। उनमें एक प्रभावशाली राजनेता भी शामिल हैं।
पूर्व सरकार के दौरान सीपू सिंह इस भूखंड पर वर्चस्व कायम रखने को लेकर हावी रहे थे। इसे लेकर दोनों नेताओं में खासी कहासुनी भी हुई थी। करोड़ों की इस भूमि पर एक शैक्षिक संस्था खुली हुई है। अब इसी संस्था पर कब्जे की कवायद चल रही है।
इस जानकारी के बाद हत्याकांड से जुड़े अफसर अब फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं। मामला एक बड़े राजनेता से जुड़ा होने की वजह से कोई टिप्पणी नहीं की जा रही है।
दूसरी तरफ शूटरों की तलाश में एसटीएफ की आजमगढ़ व समीपवर्ती जिलों के कई आपराधिक गिरोहों के सदस्यों की तलाश में छापा मारी का सिलसिला जारी रखा।
एसटीएफ व क्राइम ब्रांच ने आजमगढ़ व आसपास के तकरीबन दस जिलों के कुछ वर्षों के दौरान प्रकाश में आए 103 आपराधिक गिरोहों को भी निशाने पर रखा गया है।
एसटीएफ के सूत्र बताते हैं कि इस छापामारी में एसटीएफ को कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिस पर काम चल रहा है। आईजी एसटीएफ आशीष गुप्ता ने दावा किया कि एसटीएफ जल्दी ही हत्यारों को सलाखों को पीछे भेजने में कामयाब रहेगी।
आज धरने पर बैठेंगी पूर्व विधायक की पत्नी
हत्याकांड की सीबीआई जांच और पुलिस की गोली में मारे गए लोगों को न्याय दिलाने के लिए पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू की पत्नी वंदना सिंह बृहस्पतिवार से जीयनपुर बाजार में पूरे परिवार के साथ धरना देंगी।
समर्थन में व्यापार मंडल ने जीयनपुर बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है। संतोष सिंह टीपू ने बताया कि बृहस्पतिवार से शुरू होने वाले धरने में उनका पूरा परिवार शामिल रहेगा।
कड़ी सुरक्षा में घर पहुंचा संजय का शव
पूर्व विधायक की हत्या के बाद हुए उपद्रव में पुलिस की गोली से घायल युवक की पांचवें दिन वाराणसी में मौत के बाद उसके शव को बुधवार तड़के कड़ी सुरक्षा में आजमगढ़ लाया गया।
शव के आने की सूचना पर दिवंगत पूर्व विधायक के भाई संतोष सिंह उर्फ टीपू मौके पर पहुंचे थे। शुक्रवार को बाइक सवार बदमाशों ने जीयनपुर बाजार में पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू और उनके समर्थक भरत राय की गोली मार हत्या कर दी थी।
इस घटना के बाद शुरू हुए उपद्रव को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा चलाई गई गोली से दो लोगों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हुए थे।