असम में युवती से प्रेम विवाह के बाद उसे झांसा देकर दोबारा शादी के लिए पहुंचना एक युवक को भारी पड़ गया। पति के दोबारा विवाह करने की सूचना पर युवती अंबेडकरनगर पहुंची और जमकर हंगामा किया।
विवाद बढ़ता देख युवक के छोटे भाई की बारात निकली और उसकी शादी करवाई गई।
वहीं थाने में पुलिस की मौजूदगी में युवक व उसकी पत्नी ने एक दूसरे को फूल माला पहनाई। इसके बाद दोनों असम के लिए रवाना हो गए।
जानकारी के मुताबिक, यूपी के अंबेडकर नगर स्थित आलापुर के मकरही गांव निवासी अखिलेश यादव (25) नौकरी के लिए असम गया था। वहां वह पीओपी ठेकेदारी का काम करता था।
इसी दौरान उसने अपने साथ काम करने वाले एक मजदूर की बहन उर्मिला से शादी कर ली। दोनों साथ-साथ रहने लगे। उर्मिला गर्भवती हो गई।
दूसरी तरफ, अखिलेश के घर वालों ने उसका विवाह आजमगढ़ जिले में 23 मई को तय कर दिया। विवाह नजदीक आने पर अखिलेश ने उर्मिला को अपने घर ले चलने की तैयारी का झांसा दिया और गांव चला आया।
इस दौरान उर्मिला को असलियत पता चल गई। मंगलवार को उर्मिला अपने पिता के साथ अकबरपुर पहुंची और एसपी से मुलाकात की।
उर्मिला गुरुवार को आलापुर थाने पहुंची और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने आरोपी लड़के को थाने बुलवाया और आजमगढ़ में उस लड़की के परिजनों को सूचना दी, जहां बारात जानी थी।
विवाद बढ़ने की वजह से अखिलेश के छोटे भाई की बारात विवाह के लिए आजमगढ़ निकली और उसकी शादी करवाई गई।
उधर, थाने स्थित शिवमंदिर पर तहसीलदार रामजीत मौर्य की मौजूदगी में अखिलेश व उर्मिला ने एक-दूसरे को वर माला पहनाकर फिर से विवाह किया।