वाराणसी। हरिश्चंद्र पीजी कालेज को प्रदेश सरकार किताबें खरीदने के लिए 25 लाख रुपये देगी। यह धनराशि अगस्त तक मिल जाएगी। बुधवार को कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ महोत्सव का बतौर मुख्य अतिथि उद्घाटन करने के बाद उत्तर प्रदेश मत्स्य विकास निगम के चेयरमैन डॉ. राजपाल कश्यप ने यह घोषणा की।
समारोह में डॉ. कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी का कहना है कि जिन नौजवानों को डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक व प्रबंधक बनना है, उन सभी का स्वागत है। इनके अलावा जो युवा राजनीति के जरिये समाज और देश सेवा की सेवा करना चाहते हैं, सपा उनका पूरा साथ देगी। देश और प्रदेश में जो नेता हैं, वे सभी छात्र
राजनीति में आए हैं। विशिष्ट अतिथि मनोज राय धूपचंडी ने कहा कि सपा सरकार युवाओं का हमेशा ख्याल रखा है। छात्रसंघ बहाल करने, छात्रवृत्ति, लैपटॉप वितरण, कन्या विद्या धन आदि योजनाएं इस बात की गवाह हैं। सपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल ने भी विचार रखे। इस दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष शंभू बेनवंशी, पूर्व अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल समेत अन्य छात्रनेताओं ने अतिथियों को स्मृति
चिन्ह, अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत किया। मुख्य अतिथि को चांदी का मुकुट, गदा और तलवार भेंट की गई। अध्यक्षता कालेज के प्राचार्य डॉ. सोहन लाल और संचालन हिंदी विभाग के अध्यक्ष डॉ. बलबीर सिंह ने किया। इस दौरान राजेंद्र त्रिवेदी, डॉ. उमाशंकर सिंह, संजय गुप्ता, मनोज सिंह काका, अवनीश यादव, संदीप सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।