सेहतमंद बनना है तो सड़क पर बिकने वाला मौसमी, अनार, अनानास, गाजर, चुकंदर, तरबूज, गन्ने आदि का जूस न पीएं। क्योंकि उल्टे ये आपकी सेहत को बिगाड़ सकते हैं। ये हम नहीं बल्कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और डॉक्टर कह रहे हैं। उनके अनुसार गंदे बर्फ और पानी, मक्खियों, एक ही गिलास में कई लोगों को पेय पदार्थ परोसने और उसकी ठीक से सफाई न होने से बीमारियों का खतरा बना रहता है। बीते महीने शहर की एक दूकान से मैंगो शेक का सैंपल लिया गया था। रिपोर्ट आई तो पता चला कि शेक में आम की जगह पपीता मिलाया गया था। आम के स्वाद के लिए कुछ एसेंस मिलाए गए थे जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक थे। वहीं डॉक्टर लोगों को डिब्बाबंद जूस के फल खाने और घर पर ही जूस निकाल कर उसके सेवन की सलाह दे रहे हैं।
अधिक मुनाफे के चक्कर में कहीं मैंगो शेक में आम की जगह पपीते तो कहीं चीनी की जगह सैक्रीन का धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है। लंका पर जूस बेचने वाले विनोद कुमार ने बताया फलों को पहले से ही छेदकर पानी में भिगो दिया जाता है। इससे फल पानी सोख लेते हैं। इसके बाद ग्राहक के सामने ही फल को छिलकर जूस निकालने पर तीन से चार मौसमी में ही गिलास भर जाता है। वहीं अगर मौसमी को बिना भिगोए हुए जूस निकाला जाए तो छह से सात फल में एक गिलास जूस निकलेगा। अर्दली बाजार में नींबू पानी बेचने वाले सीताराम ने बताया कि चीनी महंगी है। ऐसे में मिठास के लिए सैक्रीन का इस्तेमाल किया जाता है।
एक चम्मच सैक्रीन आठ चम्मच चीनी के बराबर मिठास देता है वहीं ये चीनी से काफी सस्ता भी है। सिगरा पर मैंगो शेक बेचने वाले अभिनव ने बताया कि आम 50 से 70 रुपये किलो मिल रहा है। लगन के चलते दूध भी 80 से 90 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। चीनी भी 30 से 40 रुपये किलो तक मिल रही है। इन सब को मिलाकर मैंगो शेक बनाएंगे तो 20 रुपये प्रति गिलास से नीचे बेचना मुश्किल होगा। इस नाते पपीता मिलाते हैं। पपीता 10 से 20 रुपये प्रति किलो मिलता है। पपीते और आम का रंग एक होता है।
मैंगो एसेंस डालने पर पता करना मुश्किल होता है कि मैंगो शेक में पपीता मिला है या नहीं। इस बाबत खाद्य सुरक्षा के अभिहित अधिकारी हरिशंकर सिंह का कहना है कि सड़क पर और दूकानों में बिकने वाले जूस की सैंपलिंग कराने के लिए अभियान चलाया जाएगा। पिछले दिनों मैंगो शेक की सैंपलिंग में पपीते की पुष्टि हुई थी। फिलहाल अभी सैक्रीन के बारे में रिपोर्ट नहीं मिली है। इसकी भी जांच कराई जाएगी।