युवक को अस्पताल में मृत घोषित किया गया
- फोटो : फाइल फोटो
वाराणसी के छावनी क्षेत्र में बुधवार को मृतक आश्रित कोटे से होमगार्ड की भर्ती के लिए आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा देने आए युवक की मौत हो गई। जिला कमांडेंट (होमगार्ड्स) के द्वारा शासन के आदेश पर आयोजित मृतक आश्रितों की भर्ती के दौरान दो किमी की दौड़ लगाने के बाद अखिलेश कुमार (22) गश खाकर गिर पड़ा।
आननफानन युवक को मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बिहार के मूल निवासी और नाथूपुर बरेका में रहने वाले अखिलेश के पिता हरेंद्र सिंह वाराणसी में होमगार्ड थे। लगभग ढाई महीने पहले हरेंद्र की मौत हो गई थी।
अखिलेश के साथियों ने बताया कि उसके पिता की मौत से चार दिन पहले ही उसकी शादी हुई थी। हरेंद्र की जगह मृतक आश्रित कोटे से अखिलेश ने होमगार्ड की नौकरी के लिए जिला कमांडेंट होमगार्ड के को प्रार्थना पत्र दिया था। प्रदेश सरकार के आदेश पर बुधवार को छावनी क्षेत्र के नेहरू पार्क में मृतक आश्रित कोटे के तहत प्रार्थना पत्र देने वालों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई थी।