ट्रक चालक से पैसा लूट कर भाग रहे बदमाशों को ढाबे के स्टाफ और चालकों ने पकड़ा
रोहनिया के घमहापुर स्थित आदर्श ढाबा पर खड़े ट्रक के चालक को पीट कर बाइक सवार तीन बदमाशों ने नकदी लूट ली। इस पर ढाबे के स्टाफ और अन्य ट्रकों के चालकों ने दौड़ा कर बदमाशों को पकड़ लिया। तीनों बदमाशों को उनकी बाइक के साथ रोहनिया थाने की पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने तीनों से पूछताछ कर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की बात कही है।
कुशीनगर के भरषण, कप्तानगंज निवासी रामनिवास गुप्ता घमहापुर स्थित आदर्श ढाबा पर अपना ट्रक खड़ा कर खाना खाने के लिए रुका था। उसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश रामनिवास को मारपीट कर और धमकाकर 1750 रुपये लूट कर बाइक से भागे।
रामनिवास ने शोर मचाया तो बाइक से भाग रहे बदमाशों को ढाबा पर काम करने वाले राजकुमार यादव, हरिप्रीत सिंह और ट्रकों के चालकों ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
रोहनिया थाने की पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के भभुआ कैमूर के सीवो के राहुल तिवारी, धनेहा के हर्षित तिवारी और पटेल चौक के प्रियांशु पांडेय के रूप में हुई है। तीनों बाइक का कागज भी पुलिस को नहीं दिखा सके। पुलिस चेक करा रही है कि बाइक भी चोरी की तो नहीं है।
तेज रफ्तार कार की टक्कर से गाय की मौत
वाराणसी के छावनी क्षेत्र स्थित पुलिस आयुक्त के आवास के सामने शनिवार की देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक गाय की मौत हो गई। कार में दो लड़के और लड़कियां थी। पुलिस के अनुसार सभी नशे में थे। कैंट थाने की पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर कार कब्जे में ले लिया। युवतियों को रात में ही छोड़ दिया गया। रविवार को पुलिस ने युवकों को छोड़ा और कार सीज कर दी।
गंगा में कूदी विवाहिता का नहीं लगा पता
भेलूपुर थाना क्षेत्र के गंगा महल घाट के सामने शनिवार की देर रात 20 वर्षीय संतोषी ने गंगा में छलांग लगा दी थी। जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने संतोषी की गंगा में खोजबीन की लेकिन उसका पता नहीं लगा।
दुर्गाकुंड क्षेत्र की सफाई बस्ती की रहने वाली संतोषी देर रात सावन का मेला न घुमाने की बात को लेकर अपने पति कन्हैया से कहासुनी की। इसके बाद वह घर से निकल कर गंगा महल घाट पर गई और गंगा में छलांग लगा दी। घाट पर मौजूद नाविकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा के तेज प्रवाह के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली।
बीएचयू ट्राॅमा सेंटर की ओपीडी भी सुबह 8 बजे से
बीएचयू अस्पताल के बाद अब ट्राॅमा सेंटर की भी ओपीडी का समय बदल दिया गया है। सोमवार से ट्राॅमा सेंटर की ओपीडी भी सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक चलेगी। ट्राॅमा सेंटर के अस्सिटेंट रजिस्ट्रार की ओर से इसका आदेश जारी किया गया है।
इसकी कॉपी आईएमएस बीएचयू के निदेशक, ट्राॅमा सेंटर के प्रोफेसर इंचार्ज के साथ ही विभागों के अध्यक्षों को भी भेज दी गई है। दोपहर 12 बजे तक मरीजों का पंजीकरण किया जाएगा। इसके पहले 25 जुलाई से बीएचयू अस्पताल की ओपीडी आठ बजे से दोपहर दो बजे तक चलने शुरू हुई है। ब्यूरो
दो दिन बाद मिलेगी उमस से राहत
सावन में भी मई-जून जैसी गर्मी पड़ रही है। पिछले एक सप्ताह से तीखी धूप हो रही है। मानसून की रफ्तार काफी धीमी है। तपिश से लोग परेशान है। सुबह मौसम साफ रहा और दिन में तीखी धूप से लोगों को परेशानी हुई। शाम को लोगों को तपिश से लोगों को राहत मिली, लेकिन रात में लोग उमस से बेचैन नजर आए।
रविवार को अधिकतम तापमान औसत से 2.4 ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान 35.8 और न्यूनतम तापमान 27. 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि एक-दो दिन में मानसून के सक्रिय होने की संभावना है। इसके बाद बारिश होगी।
15 अगस्त पर तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर करें अपलोड
महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने बताया कि काशी क्षेत्र के सोलह संगठनात्मक जिलों के 30286 बूथों पर भाजपा जनों ने रेडियो प्रसारित मासिक कार्यक्रम पीएम के मन की बात के 112 वें संस्करण को सुना। मन की बात कार्यक्रम में पीएम ने देशवासियों से आजादी के पर्व पर खादी के कपड़ने खरीदने का आह्जवान किया। कहा कि 15 अगस्त को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा डॉट कॉम पोर्टल पर अपलोड करें।
किशन केशरी की टीम ने ली शपथ
लायंस क्लब वाराणसी सनराइज का सातवां शपथ ग्रहण समारोह अंधरापुल स्थित एक होटल में संपन्न हुआ। अधिष्ठापन अधिकारी अर्पणधर दुबे ने किशन केशरी की टीम को शपथ दिलाई गई। टीम में संजय वर्मा सचिव, अमित मंसानी कोषाध्यक्ष के रूप में शामिल हुए।
इसके अलावा उदय चंदानी ने नए सदस्यों को शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि क्लब के मंडलाध्यक्ष बलबीर सिंह बग्गा, मुख्य वक्ता सौरभ कांत, पूर्व मंडलाध्यक्ष नितिन यशार्थ ने नई टीम को बधाई दी। संचालन भानू वाधवानी और सतेंद्र मंसानी ने किया।