वाराणसी जिले में ओवरटेक के चक्कर में एक युवक की जान चली गई। वाराणसी-जौनपुर फोरलेन मार्ग पर बेलवा ओवरब्रिज के पास बाइक सवार तीन लोग कार की टक्कर के बाद सड़क पर गिर गए। इस दौरान एक की गंभीर चोट लगने के कारण मौत हो गई।
फूलपुर थाना क्षेत्र के बेलवा ओवरब्रिज के पास शनिवार दोपहर कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं, दो साथी घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
विज्ञापन
यह है मामला
जौनपुर के लाइन बाजार क्षेत्र के कजगाव निवासी गोली सोनकर (28), धीरज सोनकर (25) और सौरभ सोनकर (22) एक ही बाइक से शहर आए थे। काम खत्म होने के बाद तीनों लौट रहे थे। वाराणसी-जौनपुर फोरलेन मार्ग पर बेलवा ओवरब्रिज के पास पहुंचे थे कि अर्टिगा कार को ओवरटेक करने लगे।
इस बीच अर्टिगा से टकराते ही बाइक सवार तीनों डिवाइडर से टकराते हुए सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद जौनपुर की तरफ कार चालक वाहन लेकर भाग निकला। फूलपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि कार की पहचान कराई जा रही है।