मशहूर शहनाई वादक भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के सम्मान में सूबे की योगी सरकार जल्द ही काशी में संगीत ग्राम बनाएगी। इसका नाम 'उस्ताद बिस्मिल्लाह खान संगीत ग्राम' होगा। इस ग्राम में संग्रहालय केंद्र, प्रशिक्षण सह शोध केंद्र और बनारस के संगीत घरानों से जुड़ी दुर्लभ चीजें होंगी।
इस परियोजना की परिकल्पना पद्म श्री सोमा घोष की है । हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक उनकी इस परियोजना को गुरुवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जल्द ही इस संगीत ग्राम की स्थापना के लिए उपयुक्त जमीन देने का भी वादा किया।
सोमा घोष ने सीएम योगी से मुलाकात के बाद कहा कि यह वास्तव में उनके लिए सबसे बड़ा दिन है क्योंकि मेरे पिता (उस्ताद की गोद ली हुई बेटी) का सपना जल्द पूरा होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संगीत ग्राम की स्थापना का विचार सबसे पहले वर्ष 2005 में आया था।
सोमा घोष ने कहा कि उनके पिता की यह तमन्ना थी कि भारत की प्राचीन संगीत विरासत और वाद्ययंत्रों को सहेजकर रखा जाए। बता दें कि सोमा पहली महिला गायक हैं जिन्होंने संसद में गाना गया है।
उनके पास सुरबहार, विचित्र वीणा, रुद्र वीणा, सरस्वती वीणा, शहनाई, तार शहनाई, तबला तरंग, सुंदरी, दुक्कार, तुतराई, इसराज आदि का दुर्लभ संग्रह है।