केंद्र सरकार के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के बयान और सूबे के मुखिया योगी आदित्य नाथ के आदेश पर अल्पसंख्यक कल्याण विभाग अब मदरसों में ट्रिपल टी व्यवस्था को सुचारू करने में जुट गया है। ट्रिपल टी का मतलब मदरसों में टीचर, टायलेट और टिफिन की व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी।
केंद्र सरकार के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने लखनऊ में आयोजित मंडलीय अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारियों की एक मीटिंग में इस बात को बताया। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विजय प्रताप यादव ने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत मदरसों के छात्रों को भी बेहतर शिक्षा देने की व्यवस्था की रणनीति केंद्र सरकार बना रही है।
इसके तहत अब मदरसों में कंप्यूटर की शिक्षा भी दी जाएगी। हालांकि इस आशय का आदेश अभी जनपद में नहीं आया है। लेकिन शासन की मंशा से इस बात की पुष्टि हो चुकी है। इसके अलावा मदरसों में बेहतर टायलेट के साथ विभिन्न विषयों, कंप्यूटर, विज्ञान सहित सभी आधुनिक विषयों को पढ़ाने के लिए योग्य शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
इसके अतिरिक्त बच्चों के लिए टिफिन की व्यवस्था की जाएगी। इसमें दोपहर और शाम का भोजन शामिल होगा। इस समय मदरसों में गणित , विज्ञान , हिंदी , गणित , अंग्रेजी और सामाजिक विज्ञान की पढ़ाई हो रही है। चूंकि मदरसा शिक्षा परिषद का अभी तक अपना कोई पाठ्यक्रम नहीं है।
ऐसे में इन मदरसों में अभी तक सीबीएसई, एनसीआरटी अथवा बेसिक या किसी अन्य बोर्ड की चयनित पाठ्य पुस्तकें नहीं पढ़ाई जातीं, बल्कि इस्लामिक विद्वानों द्वारा लिखित पुस्तकें पढ़ाई जाती हैं। इन पुस्तकों का चयन मदरसा शिक्षा परिषद के चेयरमैन की अध्यक्षता में गठित कमेटी की संस्तुति पर किया जाता है।
मंत्री की घोषणा के बाद अब मदरसों में शिक्षण व्यवस्था काफी बेहतर बनने की उम्मीद बढ़ गई है। मदरसा फैजेआम मलिकताहिरपुरा के अध्यापक अब्दुल हमीद फैजी और शाही कटरा के अध्यापक मौलाना इफ्तेखार अहमद कहते हैं कि यदि मंत्री की घोषणा के अनुरूप कार्य होता है तो मदरसों में पठन पाठन का माहौल सुधरेगा और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
इस बाबत जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विजय प्रताप यादव कहते हैं कि अभी तक कोई गाइड लाइन नहीं आई है, गाइड लाइन आते ही उसके अनुसार कार्यवाही की जाएगी।