काशी विश्वनाथ धाम का किया अवलोकन।
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार की रात 8:45 बजे सीएम योगी आदित्यनाथ का काफिला गेट नंबर चार से श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचा। ज्ञानवापी पर मौजूद लोगों ने महादेव के जयघोष के साथ सीएम का स्वागत किया। सीएम ने नवनिर्मित प्रवेश द्वार से धाम क्षेत्र में प्रवेश किया। बाबा के शिखर को नमन करते हुए सीएम गर्भगृह में पहुंचे।
मंदिर के अर्चकों ने षोडशोपचार पूजन कराया। बाबा का अभिषेक करने के बाद सीएम मंदिर से बाहर निकले। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि मंदिर परिसर का कार्य पूर्ण होने वाला है। चारों द्वार का काम पूर्ण हो चुका है। अब फर्श पर मकराना मार्बल बिछाने का कार्य अपने अंतिम चरण में है।
धाम में चल रहे विकास कार्यों को देखते हुए सीएम अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे। अन्नपूर्णा मंदिर में पांच ब्राह्मणों ने पूजन कराया। मंदिर के महंत शंकरपुरी के साथ सीएम ने माता के दरबार में एक फेरी लगाई और अतिथि गृह में गए। पांच मिनट महंत से मंदिर व संस्था के बारे में चर्चा की। महंत ने सीएम को अंगवस्त्र व चुनरी का प्रसाद भेंट किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्तूबर को वाराणसी आ रहे हैं। उससे पहले वह सिद्धार्थनगर जिला जाएंगे, जहां से हेलीकॉप्टर से वे वाराणसी के मेहंदीगंज स्थित जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। पीएम मोदी 5236.37 करोड़ रुपये की 30 परियोजनाओं की सौगात देंगे और देश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना का शुभारंभ करेंगे। 65 हजार करोड़ रुपये की इस योजना से देश भर में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने का अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद वो बाबतपुर एयरपोर्ट से विमान एयर इंडिया-1 से दिल्ली लौट जाएंगे।
तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन
पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है। जनसभा स्थल पर एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था के साथ ही पांच स्थानों पर पार्किंग बनाई जा रही है। उधर, पीएम मोदी के आगमन के लिए चार हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। इनमें तीन हेलीकॉप्टर पीएम व उनकी सुरक्षा में तैनात कर्मियों के लिए और एक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए होगा।
पीएम की सभा से पहले बंद होगा रिंग रोड पर आवागमन
पीएम मोदी की जनसभा से पहले रिंग रोड पर आवागमन पूरी तरह बंद कराया जाएगा। जनसभा में आने वाले लोगों के वाहनों को जनसभा से पहले तक छूट दी जाएगी। पीएम के पहुंचने से 30 मिनट पहले सभी तरह के वाहन रिंग रोड पर प्रतिबंधित किए जाएंगे।