- बिना एक्सरे कराए लौटे आधे से ज्यादा मरीज, दिन भर रुकरुक चला सर्वर
वाराणसी। मंडलीय अस्पताल में मंगलवार को डिजिटल एक्सरे का सर्वर 27 मिनट तक डाउन रहा। इसके बाद जब दिनभर रुकरुक कर चला। इसके कारण तकरीबन 150 मरीजों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। कतार में लगे मरीज अस्पताल की गैलरी में घंटाें अपनी बारी का इंतजार करते रहे। दोपहर 12.30 बजे से 12:57 तक 27 मिनट तक सर्वर पूरी तरह ठप रहा। इससे जिस एक्सरे में 10 मिनट का समय लगना चाहिए था, उसके लिए सर्वर की सुस्ती के कारण 20-25 मिनट का समय लगा। दोपहर दो बजे के बाद अधिकतर मरीजों को अगले दिन आने के लिए बोलकर वापस कर दिया गया। टेक्निशियन राकेश सिंह ने बताया कि सर्वर धीमी गति से चलता रहा। इससे समस्या हो रही थी।
केस - 1
विजयीपुरा कोनिया के 18 महीने बच्चे अयांश के माता-पिता बच्चे के सीने का एक्सरे कराने आए थे। उन्होंने इसके लिए सुबह 9 बजे से एक्सरे के लिए नंबर लगाया था, लेकिन दोपहर 1 बजे तक उनकी बारी नहीं आई।
केस - 2
राजघाट के दिलीप साहू का पैर फ्रैक्चर था, उन्होंने एक्सरे के लिए सुबह 9 बजे से नंबर लगाया था। बताया कि जब नंबर आया तो मशीन खराब हो गई। इसके कारण और भी देरी हुई।
उमस भरी गर्मी में व्याकुल रहे मरीज
सर्वर के रुक-रुक कर चलने के साथ ही कतार में मरीज उमस भरी गर्मी और भीड़ के कारण मरीज और तीमारदार व्याकुल नजर आए। सब वहां बैठकर अपनी बारी और सर्वर ठीक होने का इंतजार करते रहे।