पातालपुरी सनातन धर्म रक्षा परिषद और विशाल भारत संस्थान की ओर से पातालपुरी मठ में सवा लाख पार्थिव व नौ दिवसीय श्रीराम परिवार गाथा की शुरुआत सावन के पहले दिन 30 जुलाई से होगी। प्रतिदिन सुबह 11 हजार पार्थिव शिवलिंग बनाकर पूजन होगा। इसके बाद कथा होगी।
पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु बालकदेवाचार्य और संयोजक महंत रामदास महाराज ने मंगलवार को पातालपुरी मठ नरहरपुरा में पत्रकारों को बताया कि बुधवार को गुरुपूर्णिमा के बाद सावन के पहले सोमवार को सुबह आठ बजे से गाजेबाजे के साथ कलशयात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 11 दिवसीय पार्थिव शिवलिंगों का पूजन शुरू हो जाएगा। शाम को पांच बजे से श्रीराम परिवार गाथा सुनाई जाएगी।
महंत रामदास महाराज ने बताया कि संतों के विचारों को ऐतिहासिक साक्ष्यों के साथ राम परिवार का एक ऐतिहासिक दस्तावेज प्रस्तुत किया जाएगा। 30 जुलाई को श्रीराम की गुरुभक्ति पर चर्चा होगी। 31 जुलाई को माता-पिता के आदेश पालन पर ऐतिहासिक साक्ष्य प्रस्तुत किए जाएंगे। बताया कि शोधार्थियों, शोधकर्ताओं और साहित्यकारों को 5100 रुपये, 2100 रुपये और 1100 रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।