ब्लड प्रेशर (बीपी) और शुगर का नियंत्रित रहना बहुत जरूरी है। अगर किसी का शुगर ज्यादा है और बीपी भी बढ़ रहा है तो इससे किडनी के खराब होने का खतरा है। बीएचयू अस्पताल में नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, इंडोक्राइनोलॉजी को मिलाकर हर दिन ऐसे करीब 300 लोग ओपीडी में पहुंच रहे हैं, जिनको किडनी संबंधी समस्या है।
डॉक्टरों के अनुसार, इन मरीजों में 100 से अधिक मरीजों की उम्र 40 से 50 साल के बीच हैं। बीपी, शुगर वाले मरीजों को साल में दो बार स्क्रीनिंग करवानी चाहिए, इससे किडनी को बचाया जा सकता है। बहुत से लोग दर्द निवारक दवाइयों का सेवन भी करते हैं, इससे भी यह बीमारी बढ़ती है। किडनी की बीमारी के प्रति जागरूकता को लेकर हर साल 14 मार्च को विश्व किडनी दिवस मनाया जाता है। इस साल की थीम सभी के लिए किडनी स्वास्थ्य है।